अंतर्राष्ट्रीय
27-Apr-2026


बिश्केक (ईएमएस)। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के रक्षा मंत्रियों की अहम बैठक में हिस्सा लेने के लिए किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंच गए हैं। रक्षा मंत्री कार्यालय (आरएमओ इंडिया) के अनुसार यह महत्वपूर्ण बैठक 28 अप्रैल को आयोजित होगी, जिसमें राजनाथ सिंह भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। ऐसे में चीन, रूस, ईरान समेत एससीओ के 10 सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों की मौजूदगी इस बैठक को और महत्वपूर्ण बना रही है। बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों, आतंकवाद से मुकाबला, रक्षा सहयोग को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय शांति से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। सदस्य देश आपसी रणनीति और सहयोग बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस मंच पर भारत का पक्ष मजबूती से रखेंगे और वैश्विक शांति के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराएंगे। साथ ही आतंकवाद के खिलाफ भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को भी प्रमुखता से उठाए जाने की उम्मीद है। बैठक के इतर राजनाथ सिंह की अन्य सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं। इनमें रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग तथा आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। सुबोध/२७ -०४-२०२६