राष्ट्रीय
27-Apr-2026


पुणे (ईएमएस)। मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस का एक कोच सोमवार शाम पुणे रेलवे स्टेशन में प्रवेश करने से ठीक पहले पटरी से उतर गया। हादसे में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना शाम करीब 7:30 बजे हुई, जब प्रीमियम एसी ट्रेन संख्या 22225 मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से सोलापुर जा रही थी। ट्रेन पुणे स्टेशन के पास एक प्लेटफॉर्म के निकट डायमंड क्रॉसिंग से गुजर रही थी, तभी एक कोच का पहिया पटरी से उतर गया। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रभावित कोच के यात्री अपना सामान लेकर नजदीकी प्लेटफॉर्म तक पैदल जाते देखे गए। रेलवे प्रशासन ने कहा कि जिस डायमंड क्रॉसिंग पर हादसा हुआ, उसे प्राथमिकता के आधार पर बदला जा रहा है। यह कार्य पुणे स्टेशन पर चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग प्रोजेक्ट के तहत किया जा रहा है। गौरतलब है कि डायमंड क्रॉसिंग वह रेलवे जंक्शन होता है, जहां दो रेल पटरियां एक ही स्तर पर एक-दूसरे को काटती हैं, जिससे हीरे जैसी आकृति बनती है। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है और ट्रैक की मरम्मत का कार्य तेज कर दिया गया है। सुबोध/२७ -०४-२०२६