- सेंसेक्स 200 से ज्यादा अंक गिरकर खुला, निफ्टी 24100 के नीचे मुंबई (ईएमएस)। वैश्विक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक तनाव के साये में भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार को गिरावट के साथ शुरुआत की। एशियाई बाजारों से मिलेजुले संकेत और अमेरिका-ईरान संबंधों में हालिया घटनाक्रम के चलते निवेशकों में सतर्कता का रुख दिखा। इसका सीधा असर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांकों पर पड़ा, जो शुरुआती कारोबार में लाल निशान में ट्रेड करते नजर आए। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 200 से अधिक अंकों की गिरावट के साथ 77,094 पर खुला, जबकि सोमवार को यह 77,303 पर बंद हुआ था। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 58.86 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 77,244.77 पर कारोबार कर रहा था। इसी तर्ज पर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी गिरावट के साथ 24,049 पर खुला। जबकि सोमवार को यह 24,100 के ऊपर बंद हुआ था। सुबह निफ्टी 2.05 अंकों की बेहद मामूली गिरावट के साथ 24,091 पर ट्रेड कर रहा था। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि निवेशक वैश्विक स्तर पर हो रहे घटनाक्रमों और आने वाले समय में कंपनियों के नतीजों पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं, जिससे बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है। भू-राजनीतिक तनाव और प्रमुख सेक्टर्स में मुनाफावसूली ने बाजार पर दबाव बढ़ाया है। सतीश मोरे/28अप्रैल ---