व्यापार
28-Apr-2026
...


- सोना 40 रुपए और चांदी 1000 रुपए से ज्यादा लुढ़की नई दिल्ली (ईएमएस)। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजारों में मंगलवार को सोने और चांदी के भावों में नरमी देखने को मिल रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोनों बहुमूल्य धातुओं के वायदा भाव गिरावट के साथ खुले और खबर लिखे जाने तक इनमें और कमी दर्ज की गई। इस दौरान सोने का जून कॉन्ट्रैक्ट 1,51,650 रुपये के करीब, जबकि चांदी का मई कॉन्ट्रैक्ट 2,40,800 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर भी सोना-चांदी दबाव में रहे। एमसीएक्स पर सोने के जून वायदा कॉन्ट्रैक्ट की शुरुआत 21 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 1,51,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर हुई। पिछले सत्र में यह 1,51,721 रुपये पर बंद हुआ था। खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 40 रुपये की गिरावट के साथ 1,51,681 रुपये पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान इसने 1,51,802 रुपये का उच्च और 1,51,555 रुपये का निचला स्तर छुआ। वहीं चांदी के मई वायदा कॉन्ट्रैक्ट में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। यह 1,334 रुपये की जोरदार गिरावट के साथ 2,40,490 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। इसका पिछला बंद भाव 2,41,824 रुपये था। वर्तमान में यह कॉन्ट्रैक्ट 1,019 रुपये की गिरावट के साथ 2,40,805 रुपये पर कारोबार कर रहा है। दिन में इसने 2,41,250 रुपये का उच्चतम और 2,40,490 रुपये का निम्नतम स्तर देखा। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर सोने के वायदा भाव शुरुआत में तेजी के साथ खुले, लेकिन बाद में इनमें गिरावट आ गई। सोना 4,697.50 डॉलर प्रति औंस पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 4,693.70 डॉलर प्रति औंस था। खबर लिखे जाने के समय यह 4.30 डॉलर की गिरावट के साथ 4,689.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। चांदी के वायदा भाव भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव में रहे। कॉमेक्स पर चांदी 75.46 डॉलर प्रति औंस पर खुली। खबर लिखे जाने के समय यह 0.31 डॉलर की गिरावट के साथ 74.71 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। इसका पिछला बंद भाव 75.02 डॉलर था। सतीश मोरे/28अप्रैल ---