क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


- पिता का दोस्त निकला भेड़िया, नहाते हुए वीडियो बनाकर नाबालिग को धमकाया, फिरोज खान पर मामला दर्ज गुना (ईएमएस) । शहर के सिटी कोतवाली क्षेत्र की भार्गव कॉलोनी में एक नाबालिग के साथ लंबे समय से हो रही छेड़छाड़ और शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर चाइल्ड हेल्पलाइन पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान फिरोज सलीम खान के रूप में हुई है, जो पीड़िता के पिता का परिचित बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार आरोपी का परिवार में आना-जाना था और इसी भरोसे का फायदा उठाकर वह नाबालिग को परेशान करता रहा। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दिसंबर 2025 में एक यात्रा के दौरान आरोपी ने उसके साथ गलत हरकत की थी। उस समय वह डर के कारण चुप रही, लेकिन इसके बाद आरोपी लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने नहाते समय उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था और उसी के आधार पर उसे डराकर मिलने के लिए मजबूर करता था। घर आने पर भी वह बुरी नजर रखता और गलत तरीके से छूने की कोशिश करता था। इस वजह से बच्ची लगातार डर और तनाव में जी रही थी। मामला तब सामने आया जब पीड़िता ने साहस दिखाते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन पर कॉल किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों बहनों को सुरक्षित कोतवाली लाया गया। यहां पीड़िता ने रोते हुए पूरी आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस ने रात करीब 2 बजे आरोपी फिरोज सलीम खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से बच्ची को धमकाकर शोषण कर रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। -सीताराम नाटानी