गुना (ईएमएस) । सकतपुर बायपास पर मंगलवार को एक सड़क हादसे में नगर पालिका के कचरा ट्रैक्टर और एक बाइक सवार को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक श्रवण वाल्मीकि निवासी सागरपुर और बाइक सवार हरिओम धाकड़ निवासी पचौरा घायल हो गए। घटना के बाद दोनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार श्रवण वाल्मीकि नगर पालिका के नियमित कर्मचारी हैं और ट्रेचिंग ग्राउंड पर कचरा डालकर लौट रहे थे। इसी दौरान अप ढाबा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में बाइक सवार भी आ गया। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और डिप्टी कलेक्टर व सीएमओ मंजूषा खत्री जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां घायलों का हाल जाना गया। डॉक्टरों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर उनकी हालत स्थिर बताई है। सीएमओ मंजूषा खत्री ने बताया कि ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर चालक और बाइक सवार घायल हुए थे, जिन्हें तुरंत अस्पताल लाकर इलाज शुरू किया गया। फिलहाल दोनों की स्थिति ठीक बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। -सीताराम नाटानी