अहमदाबाद (ईएमएस)| स्थानीय चुनावों की मतगणना के दौरान अहमदाबाद के एल.डी. इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर अचानक तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। केंद्र में प्रवेश को लेकर पुलिस और भाजपा के एक बूथ एजेंट के बीच तीखी कहासुनी हो गई, जिसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा बूथ एजेंट प्रवणसिंह डोडिया और ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई। इसी दौरान आरोप है कि पुलिस अधिकारी ने प्रवणसिंह डोडिया को थप्पड़ मार दिया, जिससे माहौल और अधिक गरमा गया। घटना की खबर फैलते ही वासणा क्षेत्र से जुड़े भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस के साथ उनकी भी बहस होने लगी। कुछ समय के लिए मतगणना केंद्र के बाहर अफरा-तफरी और हंगामे जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों और अन्य अधिकारियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। इस अप्रिय घटना के बाद प्रशासन ने मतगणना केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था तुरंत और कड़ी कर दी। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और प्रवेश व्यवस्था पर भी सख्ती बढ़ाई गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटना के बावजूद मतगणना प्रक्रिया बिना किसी बाधा के जारी रही। सतीश/28 अप्रैल