कसा शिकंजा : अमखेरा और मक्का नगर में रात भर चली छापेमारी जबलपुर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर शहर संभाग के अंतर्गत बिजली चोरी रोकने के लिए दरमियानी रात सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर संभाग के अमखेरा और मक्का नगर क्षेत्र में कंपनी के एक दल ने दबिश देकर बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से बिजली का उपयोग पकड़ा गया है। विभाग की टीम ने रात्रि कालीन चेकिंग के दौरान इन क्षेत्रों में दबिश दी जहाँ एंब्रॉयडरी कारखाने और ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पर सीधे तार डालकर और मीटर बाईपास कर बिजली उपयोग की जा रही थी। अधिकारियों ने मौके से सामग्री जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है। शहर के अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने अपनी टीम के साथ रात भर कार्रवाई की। सबसे बड़ी कार्रवाई मक्का नगर के रजा चौक स्थित गली नंबर 2 में की गई। जहाँ उपभोक्ता मोहम्मद नियाज़ मंसूरी के परिसर में औचक निरीक्षण किया। विभाग को यहाँ बड़े स्तर पर बिजली लोड होने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि तीन फेस के मीटर कनेक्शन में से दो फेस को डायरेक्ट कर बिजली चोरी की जा रही थी। मौके पर लगभग 12 ई-रिक्शा चार्जिंग की स्थिति में पाए गए। मीटर की जांच करने पर वहाँ 23 किलोवाट की अधिकतम मांग दर्ज की गई, जो स्वीकृत भार से बहुत अधिक थी। मक्का नगर में हुई इस छापामार कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता विकास सिंह और कनिष्ठ अभियंता मधुर सेलेवाह मुख्य रूप से मौजूद रहे। श्री अरोरा ने स्पष्ट किया है कि व्यवसायिक क्षेत्रों में इस तरह की चोरी से राजस्व की बड़ी हानि हो रही है, जिसे रोकने के लिए आने वाले दिनों में भी इसी तरह की आकस्मिक जांच जारी रहेगी।विभागीय टीम ने दोनों ही स्थानों से अवैध तरीके से उपयोग किए जा रहे बिजली उपकरणों और तारों को जब्त किया है। अधिकारियों के अनुसार चोरी की गई बिजली का मूल्यांकन किया जा रहा है, जिसके आधार पर संबंधित उपभोक्ताओं पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। अजय पाठक / मोनिका / 28 अप्रैल 2026/ 02.16