लगभग 2 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद जबलपुर (ईएमएस)। ट्रेनों अथवा रेलवे प्लेटफार्म पर यात्रियों की नींद का फायदा उठाते हुए यात्री सामानों की चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के उद्देश्य से रेल पुलिस अधीक्षक रेंज जबलपुर चलाए जा रहे अभियान के दौरान जबलपुर जीआरपी को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पकड़े गए तीन चोरों से जीआरपी ने लगभग दो लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने एवं चांदी के जेवरात बरामद किये हैं। जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई कि निगरानी शुदा बदमाश संजय उर्फ संजू मेश्राम उर्फ बंदर, साई नगर काली मंदिर के पास मांडवा बस्ती रामपुर थाना गोरखपुर,चोरी का सामान बेचने की फिराक में है। मुखबिर की सूचना पर तस्दीक किए जाने पर संजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिस पर आरोपित ने अपने साथियों नित्तू उर्फ नीतेश,राजू उर्फ राजकुमार के साथ मिलकर रेल यात्रा के दौरान चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद अन्य दोनों आरोपियों को भी दबोचा गया और उनके कब्जे से 12 नग सोने के गुरिया,एक सोने का मंगलसूत्र का पैण्डल,सोने के टॉप्स,चांदी की बिछिया,एक फरियादी के कपड़े सहित कुल लगभग 2,07,700 रुपये का मशरूका बरामद किया गया। अजय पाठक / मोनिका / 28 अप्रैल 2026/ 02.13