क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। रबी सीजन की धान फसल को सूखने से बचाने के लिए जिले के किसानों ने नहरों में पानी की आपूर्ति अवधि बढ़ाने की मांग की है। कृषक चेतना मंच के बैनर तले जांजगीर-चांपा और अकलतरा क्षेत्र के किसान कलेक्टोरेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि जल संसाधन विभाग ने नहरों का पानी बंद करने की तिथि 30 अप्रैल तय की है, जबकि जांजगीर नहर में 12 जनवरी और अकलतरा नहर में 27 जनवरी को देरी से पानी छोड़ा गया था। वर्तमान में धान की फसल बाली निकलने की अवस्था में है और उसे पकने के लिए अभी 10-15 दिनों तक पानी की आवश्यकता है। किसानों का कहना है कि यदि 30 अप्रैल को पानी बंद कर दिया गया, तो धान के दाने नहीं भर पाएंगे और फसल सूखने का खतरा है, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। चेतना मंच के सह संयोजक संदीप तिवारी ने बताया कि हजारों किसानों की फसल दांव पर है। उन्होंने मांग की है कि जांजगीर शाखा नहर को कम से कम 7 मई तक और अकलतरा शाखा नहर को 10 मई तक चलाया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और चेतावनी दी कि यदि पानी की अवधि नहीं बढ़ाई गई, तो उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ कर्ज का बोझ भी झेलना पड़ेगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 अप्रैल 2026