क्षेत्रीय
28-Apr-2026


जशपुर(ईएमएस)। कुनकुरी में उन्नति योजना के तहत स्वीकृत 10 लाख रुपये की सेन समाज सामुदायिक भवन विस्तार योजना भूमि विवाद के चलते फिलहाल अटक गई है। तहसील न्यायालय ने विवादित स्थल पर यथास्थिति बनाए रखने का अंतरिम आदेश जारी करते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत कुनकुरी ने 4 फरवरी को इस कार्य के लिए बजट स्वीकृत किया था और ग्राम पंचायत रेमते को निर्माण एजेंसी नियुक्त कर काम शुरू कराया गया था। योजना में भवन विस्तार के साथ शौचालय, पेयजल और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल थे। निर्माण के दौरान बजरंग नगर निवासी राजेश साव सहित कुछ ग्रामीणों ने आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना है कि जिस खसरा नंबर 99/2 पर निर्माण हो रहा है, वह शासकीय या वन भूमि है और बिना अनुमति के कार्य कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसील न्यायालय ने पटवारी रिपोर्ट आने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाने का आदेश दिया है। इससे योजना की प्रगति फिलहाल थम गई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 अप्रैल 2026