क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


अंबिकापुर (ईएमएस)। जिले में गांजा पकड़ने गई पुलिस टीम को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब एक बदमाश पुलिस की ही बोलेरो लेकर फरार हो गया। हालांकि प्रशिक्षु डीएसपी का मोबाइल वाहन में छूट जाने से पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर आरोपी को पकड़ लिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे की टीम सोमवार शाम सत्तीपारा में गांजा तस्कर गोपाल नामदेव की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी दौरान उसका जीजा मुकेश नामदेव छत से कूदकर सड़क पर आया, जहां पुलिस की बोलेरो खड़ी थी और उसमें चाबी लगी हुई थी। मौका पाकर मुकेश बोलेरो लेकर फरार हो गया। गाड़ी में ही प्रशिक्षु डीएसपी का मोबाइल छूट गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन राम मंदिर के पास मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और बोलेरो बरामद कर ली। इसके बाद पुलिस ने आसपास तलाश कर मुकेश नामदेव को हिरासत में लिया और उसके पास से वाहन की चाबी भी जब्त की गई। आरोपी को कोतवाली थाने लाया गया है। सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। - (ईएमएस) 28 अप्रैल 2026