बलरामपुर (ईएमएस)। जिले के नवाडीहकला के बरवाही स्थित प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक अशोक गुप्ता के खिलाफ अभिभावकों और छात्रों ने जिला शिक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अभिभावकों का आरोप है कि प्रधान पाठक बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट करते हैं, जिससे बच्चे भय और मानसिक तनाव में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। इस संबंध में 16 मार्च 2026 को भी शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।शिकायत में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। एक छात्र नितेश को पीटते हुए कथित रूप से अपमानित करने, एक अन्य छात्र को लात मारने और छात्रा के साथ दुर्व्यवहार की बात कही गई है। मामले की शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी से भी की गई थी और प्रारंभिक जांच हुई, लेकिन कार्रवाई लंबित है। नाराज अभिभावक और छात्र जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे और संबंधित शिक्षक को तत्काल निलंबित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर बच्चों का भविष्य प्रभावित होगा। इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने कहा कि शिकायत के आधार पर जांच कराई जा रही है। वहीं प्रधान पाठक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। - (ईएमएस) 28 अप्रैल 2026