राष्ट्रीय
28-Apr-2026
...


धमाके की कोशिश में शामिल व्यक्ति की मौत, ट्रैक पर मिला शव पटियाला,(ईएमएस)। पटियाला में शंभू-हरियाणा बॉर्डर के पास रेलवे ट्रैक पर कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखे जाने के बाद धमाका करने की नापाक कोशिश की गई। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर इलाके का मुआयना किया। पटियाला के एसएसपी ने बताया कि सोमवार रात पटियाला पुलिस को शंभू-हरियाणा सीमा के पास रेलवे ट्रैक धमाका होने की आशंका सूचना मिली थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती जांच से पता चला कि वास्तव में एक बड़ा धमाका करने की एक कोशिश थी। इस कोशिश में शामिल व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव बरामद हुआ है, जिस शख्स ने धमाका करने की कोशिश की, उसने निहंग सिंह का वेश धारण किया हुआ था। उसकी पहचान जगरूप सिंह के रूप में हुई है जो तरन तारन के पंजवार खुराद गांव का रहने वाला था। फॉरेंसिक की एक टीम धमाके वाली जगह से नमूने जमा कर रही है ताकि इस्तेमाल किए गए विस्फोटक की पहचान की जा सके। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है। एसएसपी ने बताया कि किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं है। मौके पर सिम कार्ड समेत जो भी साइंटिफिक एविडेंस मिला, उसको बरामद करके टेक्निकल इन्वेस्टिगेशन को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही पूरे षड़यंत्र का पर्दाफाश किया जाएगा। जीआरपी, आरपीएफ जांच में जुटी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने एक्स पर पोस्ट में लिखा- मैं उस गंभीर इंटेलिजेंस विफलता की कड़ी निंदा करता हूं, जिसके कारण सोमवार रात शंभू के पास दिल्ली-राजपुरा रेलवे ट्रैक पर एक कायरतापूर्ण ब्लास्ट की कोशिश हुई। यह साफ है कि कई दिन पहले एक खतरे की जानकारी मिलने के बावजूद, कोई भी एहतियाती कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने लिखा कि यह घटना पुलिस थानों और चौकियों पर कई धमाकों और यहां तक कि स्टेट इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर पर आरपीजी हमले के बाद हुई है। उन्होंने लिखा कि पंजाब के सीएम भगवंत मान, जो गृह मंत्री भी हैं, उन्हें अपनी गहरी नींद से जागना चाहिए और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को सुरक्षित करने के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए। उनका यह लापरवाही रवैया पंजाब को फिर से उस पुराने अंधेरे दौर में धकेल रहा है, जो बिल्कुल भी मंजूर नहीं है। बता दें इससे पहले इसी साल जनवरी में भी ऐसा ही धमाका हुआ था। फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद में फ्रेट कॉरिडोर के ट्रैक पर विस्फोट हुआ था। इस हादसे में एक ट्रेन का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया था और एक लोको पायलट घायल हुआ था। सिराज/ईएमएस 28अप्रैल26