अंतर्राष्ट्रीय
28-Apr-2026
...


-गेन्नेडी ज्युगानोव ने दी संसद में चुनौती, क्रेमलिन की उड़ा दी नींद मॉस्को,(ईएमएस)। रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, जिन्हें अब तक एक अजेय नेता माना जाता था, अब अपने ही घर में गहरे आंतरिक विरोध का सामना कर रहे हैं। इस बगावत की चिंगारी किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि पुतिन के सबसे पुराने और भरोसेमंद सहयोगी और कम्युनिस्ट पार्टी के दिग्गज नेता गेन्नेडी ज्युगानोव ने सुलगाई है। संसद के बीचों-बीच दिए गए उनके तीखे भाषण ने क्रेमलिन की नींद उड़ा दी है। ज्युगानोव ने चेतावनी दी है कि यदि पुतिन ने अपनी मौजूदा नीतियों में बदलाव नहीं किया, तो रूस को एक बार फिर 1917 जैसी खूनी क्रांति का सामना करना पड़ सकता है, जिसका सीधा परिणाम पुतिन की सत्ता छिनने के रूप में सामने आएगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ज्युगानोव ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपने नागरिकों की गंभीर तकलीफों को नजरअंदाज कर रही है और इसके बजाय मोनाको जैसे देशों में रहने वाले सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स की सलाह को ज्यादा तरजीह दे रही है। उनका इशारा मशहूर ब्लॉगर विक्टोरिया बोन्या की तरफ था, जिन्होंने हाल ही में रूस में इंटरनेट पर बैन और युद्ध के कारण बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार की कड़ी आलोचना की थी। पुतिन पर सीधे हमला करने से बचते हुए ज्युगानोव ने अपनी बात में तीन स्पष्ट चेतावनियां दीं, जिन्होंने रूस के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी पहली चेतावनी 1917 की क्रांति से जुड़ी थी। ज्युगानोव ने कहा कि अगर सरकार ने तुरंत अपनी आर्थिक और सामाजिक नीतियों को नहीं बदला, तो देश एक गंभीर आर्थिक पतन की ओर बढ़ रहा है, जो उसे सौ साल पहले की अराजकता और गृहयुद्ध जैसे हालात में धकेल देगा। उनकी दूसरी चेतावनी सरकार की अक्षमता पर थी। उन्होंने कहा कि हम पुतिन का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है। रणनीतियां देश को गलत दिशा में ले जा रही हैं। तीसरी और अहम चेतावनी पुतिन की घटती लोकप्रियता से संबंधित थी। ज्युगानोव ने बताया कि पुतिन की अनुमोदन रेटिंग पिछले सात सालों में सबसे निचले स्तर 71फीसदी पर पहुंच गई है। यह आंकड़ा क्रेमलिन के लिए एक बड़ी खतरे की घंटी है और दर्शाता है कि जनता में असंतोष बढ़ रहा है। ज्युगानोव के इन बयानों ने रूस के राजनीतिक परिदृश्य में एक नई बहस छेड़ दी है। यह पहली बार है जब पुतिन के इतने करीबी और पुराने सहयोगी ने सार्वजनिक रूप से इतनी कड़ी और गंभीर चेतावनी दी है। सिराज/ईएमएस 28अप्रैल26