क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


बालोद(ईएमएस)। जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। पीपरछेड़ी गांव के पास तांदुला नहर में नहाने के दौरान एक पिता और उनकी 12 वर्षीय बेटी तेज बहाव में बह गए। इस हादसे में पिता का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि बच्ची की तलाश अभी भी जारी है। जानकारी के अनुसार, ग्राम धोबनपुरी निवासी 35 वर्षीय यमन गंजीर अपनी बेटी पल्लवी गंजीर (12 वर्ष) को तैरना सिखाने के लिए नहर में उतरे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों उसमें बह गए। पास में मौजूद एक अन्य बच्ची दामिनी भी बहने लगी थी, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। गोताखोरों की टीम लगातार नहर में तलाशी अभियान चला रही थी। बाद में काफी मशक्कत के बाद पिता यमन गंजीर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि उनकी बेटी पल्लवी की तलाश अब भी जारी है। बचाव कार्य को तेज करने के लिए तांदुला और गंगरेल बांध से पानी का बहाव अस्थायी रूप से रोका गया, ताकि नहर में खोज अभियान में मदद मिल सके। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यमन गंजीर अपनी ससुराल पीपरछेड़ी आए हुए थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और लापता बच्ची की तलाश की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 अप्रैल 2026