क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। भारत माला परियोजना में चल रही जांच और ईडी-एसीबी की छापेमारी के बीच उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा है कि इस मामले में शामिल कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह अधिकारी हो या नेता। उन्होंने कहा कि जांच और अधिक गहराई तक जाएगी तथा सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मंत्री ने बताया कि यह बयान नियमित विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान दिया गया, जिसमें विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों के लक्ष्य तय किए गए, ताकि विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता बनी रहे। उन्होंने जानकारी दी कि 1 मई से ‘सुशासन तिहार’ शुरू होगा, जो एक महीने तक चलेगा। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान सरकारी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी और आम जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। नाबालिग से जुड़े चाकूबाजी हत्या मामले पर मंत्री ने कहा कि अपराधों पर नियंत्रण के लिए कमिश्नरी प्रणाली लागू की गई है और सरकार नशे एवं अपराध के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। DMF से जुड़े 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों में कथित अनियमितताओं पर उन्होंने कहा कि जहां भी गड़बड़ी सामने आएगी, उसकी जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई जारी रहेगी। मंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार पारदर्शिता और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। - (ईएमएस) 28 अप्रैल 2026