दतिया ( ईएमएस ) | नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु आज मंगलवार को न्यू कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े द्वारा जिले के विभिन्न अंचलों से आए 120 से अधिक आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निराकरण के लिए निर्देशित किया। अनिराकृत आवेदनों के लिये समय-सीमा निर्धारित कर अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए। जन सुनवाई के दौरान रास्ता अवरूद्ध करने, नाली के पानी की निकासी, वृद्धवस्था पेंशन, सीमांकन, नामांतरण, बटवारा, बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, सड़क निर्माण, साफ-सफाई व्यवस्था, खाद्यान वितरण, आर्थिक सहायता, छात्रवृत्ति आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए जिसके निराकरण हेतु कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए तथा कुछ आवेदकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री महेन्द्र सिंह कवचे, एडीशनल एसपी श्री सुनील शिवहरे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती श्रृति अग्रवाल सहित सभी जिला अधिकारीगण उपस्थित रहे।