-डोला को तुर्की से भारत लाने पर गदगद हुए शाह पूरे आपरेशन के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की तारीफ की नई दिल्ली,(ईएमएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की उस बड़ी कार्रवाई की प्रंशसा की है, इसमें तुर्की से कुख्यात ड्रग तस्कर मोहम्मद सलीम डोला को भारत वापस लाया गया। इस घटना को भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती प्रवर्तन क्षमता और ड्रग माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के रुप में देखा जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने पोस्ट कर कहा कि भारत की ड्रग विरोधी नीति “जीरो टॉलरेंस” पर आधारित है और केंद्र सरकार का लक्ष्य देश में सक्रिय ड्रग कार्टेल्स को पूरी तरह खत्म करना है। उन्होंने लिखा कि भारतीय एजेंसियां अब वैश्विक नेटवर्क के जरिए सीमाओं से बाहर भी अपराधियों तक पहुंच बनाने में सक्षम हुई हैं। यह कार्रवाई नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के नेतृत्व में की गई एक समन्वित अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन का हिस्सा है। सलीम डोला को तुर्की के इस्तांबुल में लोकल सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी इंटरपोल द्वारा जारी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर हुई, जिसे भारत की ओर से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अनुरोध पर जारी हुआ था। सूत्रों के अनुसार, सलीम डोला को मंगलवार को विशेष विमान से दिल्ली लाया गया, जहां तकनीकी एयरपोर्ट पर भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने डोला को अपनी हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ के बाद आगे की जांच के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंपे जाने की संभावना है। बात दें कि सलीम डोला को लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का अहम हिस्सा रहा है। डोला को कुख्यात अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से भी जोड़ा जाता है। माना जा रहा है कि वह कई वर्षों से भारत और विदेशों में फैले ड्रग कारोबार को संचालित करने वाले नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। एनसीबी और अन्य जांच एजेंसियां अब उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन, सप्लाई चैन और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से ड्रग तस्करी के कई बड़े रैकेट और उनके संचालन के तरीके सामने आ सकते हैं। आशीष दुबे / 28 अप्रैल 2026