28-Apr-2026
...


-पुलिस को दिए कार्रवाई के निर्देश, वोटिंग से पहले सोशल मीडिया पोस्ट पर बढ़ी निगरानी कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले चुनावी माहौल और गरमा गया है। चुनाव आयोग ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया पर किए जा रहे आपत्तिजनक पोस्ट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यह कदम ममता बनर्जी को निशाना बनाकर बनाए गए एक कथित आपत्तिजनक कैरिकेचर के सामने आने के बाद उठाया गया है। मामला तब तूल पकड़ा जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट साझा करते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के एक बीजेपी समर्थक ने मुख्यमंत्री का अपमानजनक और अश्लील कैरिकेचर बनाया था। पार्टी के अनुसार, इस पोस्ट के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद संबंधित सामग्री को हटा लिया गया। चुनाव आयोग ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए राज्य पुलिस और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की भड़काऊ, अपमानजनक या आचार संहिता का उल्लंघन करने वाली ऑनलाइन सामग्री पर तुरंत कार्रवाई की जाए। आयोग का मानना है कि इस तरह की गतिविधियां चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकती हैं और मतदाताओं को भ्रमित कर सकती हैं। उधर, दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार सोमवार शाम को समाप्त हो गया। 29 अप्रैल को राज्य की 142 सीटों पर मतदान होना है, जिसे इस चुनाव का निर्णायक चरण माना जा रहा है। इस चरण के नतीजे राज्य की सत्ता की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। प्रचार के अंतिम दिन ममता बनर्जी ने दक्षिण कोलकाता में जोरदार रोड शो किया। सुकांत सेतु से गोपालनगर क्रॉसिंग तक करीब 6 किलोमीटर लंबे इस रोड शो में भारी संख्या में समर्थक शामिल हुए। ममता बनर्जी पूरे रास्ते पैदल चलीं और जनता का अभिवादन स्वीकार किया। हिदायत/ईएमएस 28अप्रैल26