29-Apr-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के साथ ही लोकतंत्र का असली मुकाबला शुरू हो चुका है, जहां हर एक वोट राज्य की भावी तस्वीर बदलने की ताकत रखता है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोर्चा संभालते हुए मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की भावुक अपील की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश साझा करते हुए कहा कि आज हो रहा दूसरे चरण का मतदान लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद अहम है। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर इस लोकतांत्रिक उत्सव को सफल बनाएं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें निर्णायक भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। उनका मानना है कि महिलाओं और युवाओं की सक्रिय उपस्थिति ही लोकतंत्र को अधिक जीवंत और प्रभावशाली बनाती है। एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने नागरिक कर्तव्यों पर जोर देते हुए कहा कि एक जागरूक नागरिक के तौर पर यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम मतदान केंद्रों तक पहुंचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारी मतदान न केवल लोकतंत्र की जड़ों को गहरा करेगा, बल्कि देश के विकास और पुनर्निर्माण में भी जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा। उनके अनुसार, नागरिकों की यही भागीदारी एक समृद्ध भारत की नींव को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में आज बुधवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर मतदान प्रक्रिया चल रही है। राज्य की जनता आज 1,448 प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद करेगी। इस बार का मुकाबला बेहद कड़ा और दिलचस्प है; जहां एक ओर ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस चौथी बार सत्ता पर काबिज होने की पुरजोर कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में पहली बार सरकार बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखी जा रही हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/29अप्रैल2026