राष्ट्रीय
29-Apr-2026
...


लखनऊ(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के विकास पथ पर आज एक नए स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। प्रदेश के लोग इस अत्याधुनिक मार्ग पर फर्राटा भर सकेंगे। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे शुरू होते ही न केवल मेरठ से प्रयागराज की दूरी को घंटों कम कर देगा, बल्कि उत्तर प्रदेश देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ एक्सप्रेसवे प्रदेश के रूप में अपनी वैश्विक पहचान को और सुदृढ़ करेगा। गंगा एक्सप्रेसवे के चालू होने से राज्य में संचालित एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई बढ़कर 1910 किलोमीटर हो जाएगी। प्रशासन ने लोकार्पण से ठीक पहले सफर के लिए टोल टैक्स की दरें भी घोषित कर दी हैं। इस एक्सप्रेसवे की खास बात यह है कि यहां दो पहिया वाहनों और ट्रैक्टरों को भी टोल देना होगा। टोल दरों के अनुसार, बाइक और ट्रैक्टर के लिए 1.28 रुपये प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है। वहीं कार, जीप और वैन जैसे हल्के वाहनों को 2.55 रुपये, बस और ट्रक को 8.20 रुपये, जबकि भारी निर्माण मशीनरी और विशाल वाहनों को 12.60 से 16.10 रुपये प्रति किलोमीटर तक का भुगतान करना होगा। एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्सप्रेसवे प्रदेश के 12 जिलों—मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज को सीधे जोड़ेगा। इससे 519 गांवों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। सुरक्षा के लिहाज से शाहजहांपुर में 3.5 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी भी बनाई गई है, ताकि आपात स्थिति में वायु सेना के लड़ाकू विमान लैंड कर सकें। इसके अलावा, यातायात को स्मार्ट बनाने के लिए एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस) के तहत हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे और स्पीड मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए गए हैं। इस विशाल परियोजना में अदाणी इंटरप्राइजेज लिमिटेड ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए बदायूं से प्रयागराज तक के लगभग 464 किलोमीटर (80 प्रतिशत) हिस्से का निर्माण किया है। भविष्य में इस एक्सप्रेसवे को हरिद्वार और जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने की भी योजना है, जिससे पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी का एक अभूतपूर्व ढांचा तैयार होगा। सरकार ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं और लोकार्पण समारोह को लेकर पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया गया है। वीरेंद्र/ईएमएस/29अप्रैल2026