मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार बुधवार को तेजी के साथ खुला। बाजार में ये बढ़त दुनिया भर से मिले-जुले संकेतों के बाद भी ऑटो और रियल्टी शेयरों में खरीददारी से आयी है। इसके अलावा दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में बढ़त से भी बाजार उछला है हालांकि कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से बाजार की तेजी पर अंकुश लगा रहा। आज सुबह 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 77,245 अंक पर खुला। सुबह 9:23 बजे यह 327.96 अंक बढ़कर 77,214.87 पर कारोबार कर रहा था। वहीं इसी प्रकार 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी-50 सुबह 504,096 पर खुला और खुलते ही 24,100 के पार चला गया। आज अदाणी पावर, बजाज फाइनेंस, सेमइंडिया प्रोजेक्ट्स, फेडरल बैंक, फिनो पेमेंट्स बैंक, फोर्स मोटर्स, जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज, ग्रेन्यूल्स इंडिया, एचईजी, आईआईएफएल फाइनेंस सहित कई कंपनियों के तिमाही परिणाम आयेंगे जिस पर भी बाजार की नजरें होंगी। दूसरी ओर एशियाई बाजारों में भी मिश्रित कारोबार के संकेत मिली हैं। एसएंडपी एएसएक्स और कोस्पी क्रमशः 0.23 फीसदी और 0.24 फीसदी गिरा जबकि हैंग सेंग 1.25 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा। इसके अलावा अमेरिकी बाजारों में उछाल देखा गया। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीति बैठक के परिणामों का इंतजार हो रहा है। एसएंडपी 500 और डॉव जोन्स दोनों के फ्यूचर्स में 0.16 फीसदी की बढ़त रही। वॉल स्ट्रीट के बाजार में गिरावट रही। एसएंडपी 500 और नैस्डैक कंपोजिट में 0.49 फीसदी और 0.90 फीसदी की गिरावट रही। गिरजा/ईएमएस 29 अप्रैल 2026