सेंसेक्स 417, निफ्टी 97 अंक गिरा मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को गिरावट पर बंद हुआ। सप्ताह के दूसरे ही कारोबारी दिन बाजार में ये गिरावट दुनिया भर के बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही बिकवाली हावी रहने से आई है। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर जारी संशय के कारण कच्चे तेल की कीमतों के बढ़ने से भी बाजार पर दबाव आया है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 416.72 अंकों टूटकर 76,886.91 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 97 अंक नीचे आकर 23,995.70 पर पहुंच गया। वहीं आज व्यापक बाजारों ने बेंचमार्क सूचकांकों से बेहतर प्रदर्शन किया, जिसमें निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.42 फीसदी और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.28 फीसदी की बढ़त रही। वहीं क्षेत्रवार देखें तो निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी मेटल को छोड़कर तकरीबन सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ ही लाल निशान में बंद हुए। सबसे ज्यादा गिरावट निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी प्राइवेट बैंक में रही। इसके अलावा निफ्टी ऑटो भी नीचे आया। निफ्टी के शेयरों की बात करें तो एक्सिस बैंक, मारुति, एचसीएल टेक, श्रीराम फाइनेंस, इंडिगो, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज-ऑटो, एसबीआई और इंफोसिस के शेयर सबसे ज्यादा गिरे। दूसरी ओर ओएनजीसी, अदाणी एंटरप्राइजेज और कोल इंडिया के शेयरों में बढ़त रही। इसके अलावा, नेस्ले इंडिया, भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा, इटरनल और टाटा स्टील के शेयर भी उछलकर बंद हुए। इससे पहले आज सुबह बाजार की गिरावट के साथ शुरुआत हुई। सेंसेक्स 200 से अधिक अंकों की गिरावट के साथ 77,094 पर खुला। वहीं निफ्टी-50 भी गिरावट के साथ 24,049 पर खुला। जबकि सोमवार को यह 24,100 के ऊपर बंद हुआ था। ईएमएस 28 अप्रैल 2026