मुंबई (ईएमएस)। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मंगलवार को भारतीय रुपया 41 पैसे की गिरावट के साथ ही 94.61 पर बंद हुआ। आज सुबह शुरुआती कारोबार में रुपया 24 पैसे टूटकर 94.39 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और महीने के अंत में डॉलर की मांग में बढ़ोतरी से रुपये पर दबाव बना रहा। साथ ही सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर व्यापक रुझान भी देखने को मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि ब्रेंट तेल की कीमत 109 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचने से भी निवेशकों का मनोबल कमजोर हुआ है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.35 पर खुला। फिर और टूटकर शुरुआती कारोबार में 94.39 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 24 पैसे की गिरावट दिखाता है। रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.15 पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 98.49 पर रहा। ईएमएस 28 अप्रैल 2026