क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


गरियाबंद (ईएमएस)। जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में बड़े पैमाने पर जंगल कटाई का मामला सामने आया है। ISRO की सैटेलाइट इमेजरी और ड्रोन सर्वे में खुलासा हुआ है कि पिछले करीब 15 वर्षों में यहां लगभग 1 लाख पेड़ काटे गए हैं। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए 166 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें से 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जांच में सामने आया कि टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में करीब 265 एकड़ (106 हेक्टेयर) वन भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। ड्रोन सर्वे और ISRO की कार्टोसैट इमेजरी (2006–2022) से पता चला कि जहां पहले एक हेक्टेयर में करीब 1000 पेड़ थे, वहां अब केवल 25 से 50 पेड़ ही बचे हैं। आरोपियों ने ‘गर्डलिंग’ तकनीक से पेड़ों को सुखाकर जमीन पर कब्जा किया। डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों से मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा बढ़ रहा है। विभाग डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है और आरोपियों को नोटिस जारी किए गए हैं। घुरवाड़ क्षेत्र में भी 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो जंगल भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। इससे पहले महासमुंद में 94 हेक्टेयर वन भूमि अतिक्रमण मुक्त कर 52 लोगों को जेल भेजा गया था। वन विभाग ने चेतावनी दी है कि आरोपियों पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत 7 साल तक की सजा और लोक संपत्ति क्षति अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। पिछले तीन वर्षों में विभाग 850 हेक्टेयर भूमि अतिक्रमण मुक्त कर चुका है और 600 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुका है। खाली कराई गई जमीन पर अब भू-जल संरक्षण और वृक्षारोपण किया जाएगा। - (ईएमएस) 29 अप्रैल 2026