क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत जूटमिल थाना क्षेत्र में आईपीएल मैच के दौरान सट्टा खिलाते एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली और बेंगलुरु के बीच चल रहे मैच पर एक युवक मोबाइल के जरिए ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। इस पर टीम ने दबिश देकर ट्रांसपोर्ट नगर, जूटमिल निवासी अनुराग यादव (26) को पकड़ लिया। तलाशी में आरोपी के पास से सट्टा पर्ची, एक मोबाइल और 900 रुपये नकद बरामद किए गए। मोबाइल की जांच में ‘विन एक्स 66 डॉट कॉम’ आईडी के जरिए ऑनलाइन सट्टा चलाने के प्रमाण मिले। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पिछले तीन दिनों में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ यह पांचवीं कार्रवाई है। इससे पहले घरघोड़ा और कोतवाली थाना क्षेत्र में भी कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत जुए और सट्टे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसी अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। - (ईएमएस) 29 अप्रैल 2026