क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले के धरनावदा क्षेत्र में एक युवक द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जिसने पूरे घटनाक्रम को भावनात्मक मोड़ दे दिया। जिस दिन उसकी प्रेमिका की शादी होनी थी, उसी दिन युवक ने जिंदगी से हार मान ली। जानकारी के अनुसार पुरानी रूठियाई निवासी 25 वर्षीय प्रद्युम्न सिंह सहरिया, पिता मांगीलाल सहरिया, मंगलवार शाम नेशनल हाईवे किनारे पहुंचा और वहां सलफास की गोलियां खा लीं। बताया जा रहा है कि उसने करीब 10 गोलियां खा ली थीं। घटना की सूचना मिलते ही उसके परिजन मौके पर पहुंचे। इसी दौरान प्रद्युम्न खुद ही रूठियाई चौकी पहुंच गया और पुलिस को जहर खाने की जानकारी दी। स्थिति गंभीर होने पर पुलिस ने तत्काल उसे जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान बुधवार अलसुबह उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के अनुसार प्रद्युम्न पिछले पांच वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम संबंध में था। युवक पहले से विवाहित था, लेकिन प्रेमिका के कहने पर उसने करीब दो वर्ष पहले अपनी पत्नी को छोड़ दिया था। इसके बावजूद युवती उसके साथ रहने को तैयार नहीं हुई और दोनों के बीच संबंध तनावपूर्ण बने रहे। बताया गया कि बुधवार को उसी युवती की शादी तय थी। यह बात प्रद्युम्न को गहरे स्तर पर प्रभावित कर गई। इसी मानसिक दबाव में उसने यह कदम उठा लिया। एक ओर जहां बमोरी क्षेत्र में युवती की विदाई हो रही थी, वहीं दूसरी ओर प्रद्युम्न की मौत से उसके घर में मातम पसरा रहा। मामले को लेकर राघौगढ़ एसडीओपी दीपा डोडवे ने बताया कि युवक द्वारा जहर सेवन का मामला सामने आया था, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी