- कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्वयं किया जैविक उत्पादों का छिड़काव राजगढ़(ईएमएस)l जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए संचालित नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के तहत उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जा रही है। सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में कुल 13 बायो रिसोर्स सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं, जिनमें से 8 केंद्रों द्वारा जैविक उत्पाद जीवामृत, बीजामृत एवं नीमास्त्र सफलतापूर्वक तैयार कर लिए गए हैं। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में इन उत्पादों को वैज्ञानिक प्रक्रिया से लगभग 45 दिनों में तैयार किया गया है। विशेष रूप से जिले के सभी बीआरसी में उत्पादों की पैकेजिंग एवं लेबलिंग में एकरूपता सुनिश्चित की गई है, जिससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित उत्पाद उपलब्ध हो सकें। बैठक में जैविक उत्पादों की दरें भी निर्धारित की गईं।जीवामृत की कीमत 500 रुपये प्रति एकड़ (5 लीटर) तथा नीमास्त्र की कीमत 500 रुपये प्रति एकड़ (2 लीटर) तय की गई है। यह पहल किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने के साथ-साथ टिकाऊ एवं किफायती खेती की दिशा में प्रेरित करेगी। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण तब देखने को मिला, जब कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्वयं कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गार्डन में जैविक उत्पादों का छिड़काव किया। उन्होंने कंधों पर स्प्रे पंप टांगकर पौधों पर नीमास्त्र का छिड़काव कर प्राकृतिक खेती के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। इस प्रेरक पहल से उपस्थित अधिकारियों एवं किसानों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल भूमि की उर्वरता को बढ़ाती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय में वृद्धि का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक जैविक पद्धतियों को अपनाकर स्वस्थ एवं सुरक्षित कृषि की दिशा में कदम बढ़ाएं। -निखिल/राजगढ़/29/4/2026