क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस की सतर्कता से लाखों रुपए की चोरी टल गई और आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, देर रात आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे पर पेंट पोत दिया और अपने शरीर व कपड़ों पर भी काला स्प्रे कर लिया। इसके बाद वह गैस कटर की मदद से मशीन को काटकर नकदी निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान रात करीब 3 बजे पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम को संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के निर्देशन में आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में आरोपी के पास से गैस कटर बरामद किया गया। उसकी पहचान पंकज कुमार पासवान (29), निवासी डूबरीडीह, थाना हरिहरगंज, जिला पलामू (झारखंड) के रूप में हुई है, जो फिलहाल गेरवानी में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, एटीएम मशीन को करीब 3.50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है, लेकिन समय पर कार्रवाई से मशीन में रखी नकदी सुरक्षित बच गई। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले वेल्डिंग और ट्रांसपोर्ट के काम से जुड़ा था, लेकिन घाटे और कर्ज के चलते उसने एटीएम में चोरी की योजना बनाई। - (ईएमएस) 29 अप्रैल 2026