रायगढ़ (ईएमएस)। बारिश से पहले शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम की टीम ने विभिन्न वार्डों में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान भूजबंधान तालाब के पास नाला निर्माण, प्रियदर्शिनी गेट क्षेत्र के नाले, सीसी रोड समेत अन्य कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और इंजीनियरों को निर्देश दिए गए कि नालों की सफाई और निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। वार्ड क्रमांक 16 में जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा कर सुधार के निर्देश दिए गए। जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान पार्षद नेहा देवांगन, एमआईसी सदस्य मुक्तिनाथ बबुआ, अमित शर्मा सहित निगम के अधिकारी, इंजीनियर और ठेकेदार मौजूद रहे। - (ईएमएस) 29 अप्रैल 2026