राष्ट्रीय
29-Apr-2026


* गिर सोमनाथ, देवभूमि द्वारका और डांग में हेल्प डेस्क, कियोस्क, ऐप और आधुनिक सुविधाओं से लैस पर्यटन पुलिस व्यवस्था होगी शुरू गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा तथा सुखद अनुभव में वृद्धि करने के उद्देश्य के साथ राज्य के पुलिस महानिदेशक डॉ. के. एल. एन. राव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) सहित गिर सोमनाथ, द्वारका तथा डांग जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस महानिदेशक (डीजी) तथा पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कॉन्फ्रेंस की सिफारिशों के अनुसार राज्य के महत्वपूर्ण पर्यटन जिलों में समर्पित ‘टूरिस्ट पुलिस स्टेशन’ कार्यरत करना है। उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी के मार्गदर्शन में पहले चरण में गिर सोमनाथ, देवभूमि द्वारका तथा डांग जैसे प्रमुख पर्यटन जिलों में टूरिस्ट-फ्रेंड्ली वातावरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष टूरिस्ट पुलिस थाने स्थापित किए जाएंगे। जिन पर्यटन स्थलों पर पहले से जो पुलिस चौकियाँ कार्यरत हैं, वहाँ उपलब्ध संसाधनों का श्रेष्ठ उपयोग कर उन्हें अत्याधुनिक टूरिस्ट पुलिस थाने के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। पर्यटक पुलिस को आसानी से पहचान सकें तथा सहायता प्राप्त कर सकें; इसके लिए पुलिस कर्मचारियों के लिए विशेष यूनिफॉर्म बनाने तथा वाहनों के लिए एक अनन्य ‘लोगो’ डिजाइन करने पर भी बैठक में चर्चा की गई। प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की त्वरित सहायता के लिए कंटेनर आधारित ढाँचे द्वारा ‘हेल्प डेस्क’ तथा ‘कीयोस्क’ भी स्थापित किए जाएंगे। पर्यटकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी आवश्यक जानकारी तथा सुरक्षा संबंधी सेवाएँ मुहैया कराने के उद्देश्य से सभी पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को एक सेंट्रल ‘इंटरेक्टिव टूरिस्ट पुलिस एप्लिकेशन’ विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। इतना ही नहीं; इस बैठक में हर टूरिस्ट पुलिस स्टेशन में पर्याप्त संख्या में मानव बल, नए वाहनों की खरीदारी तथा आवश्यक इन्फ्रास्ट्रक्चर सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। राज्य के पुलिस महानिदेशक डॉ. के. एल. एन. राव ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि गुजरात की यात्रा पर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को एक सुरक्षित तथा मैत्रीपूर्ण (टूरिस्ट-फ्रेंड्ली) वातावरण प्रदान करना है। राज्य पुलिस विभाग द्वारा आगामी समय में इस आयोजन को वेग देने के लिए गुजरात के पर्यटन क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर अधिक सुरक्षित बनाने की मंशा व्यक्त की गई है। सतीश/29 अप्रैल