क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में 26 अप्रैल की रात नशे में धुत हवलदार नीरज ने जोमैटो डिलीवरी बॉय पांडव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उसका साथी कृष्णा घायल हो गया। दोनों दोस्त बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है। 26 अप्रैल, रात दो बजे… देश की राजधानी दिल्ली में नशे में धुत हवलदार ने जो खूनी खेल खेला, उसने हिला कर रख दिया है। आरोप है कि हवलदार नीरज ने दो युवकों से उसका पता पूछा। युवकों ने जब खुद को बिहार का निवासी बताया तो वह आगबबूला हो गया। उसने बिहार के खगड़िया के रहने वाले पांडव कुमार (23) की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, उसका साथी कृष्णा भी गंभीर रूप से जख्मी है। पांडव कुमार दिल्ली में जोमैटो के लिए डिलीवरी बॉय का काम करता था। पांडव और कृष्णा अपने दोस्त की बेटे के बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे। जब वह वापस लौट रहे थे, तो उन्हें रास्ते में आधी रात को हवलदार नीरज मिल गया। आरोप है कि हवलदार नीरज ने शराब पी रखी थी। वह पांडव और कृष्णा से गाली-गलौज करने लगा। इसी बीच, नीरज ने धमकाते हुए पांडव से उसका पता पूछा तो उसने खुद को बिहार का निवासी बताया। इसी पर नीरज ने बंदूक निकाल ली और सीने पर सटाकर फायरिंग कर दी। गोली शरीर के आर-पार हो गई। बाइक के पीछे कृष्णा भी बैठा था, उसे भी गोली लगी। वहीं,वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नीरज फरार हो गया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/29/अप्रैल /2026