नई दिल्ली (ईएमएस)। सड़कों पर बेसहारा गायों के जमावड़े से जनता ही नहीं, विधायक भी परेशान हैं। मंगलवार को विधानसभा के एक दिवसीय सत्र के दौरान विशेष उल्लेख (नियम संख्या 280) के तहत अनेक विधायकों ने यह मुद्दा उठाया। विधायक श्याम शर्मा, कुलवंत राणा एवं हरीश खुराना ने इस पर प्रमुखता से अपनी बात रखी। उनका कहना था कि सड़कों पर जहां तहां बेसहारा गायों का झुंड देखने को मिल जाता है। दिन में यह झुंड ट्रैफिक जाम की वजह बनता है और रात के अंधेरे में हादसों का सबब। इन विधायकों का कहना था कि उनके कार्यालय में भी हर रोज इस संदर्भ में शिकायतें आती रहती हैं। इन सभी विधायकों की ओर से इस समस्या का गंभीरता से कोई निदान निकालने की मांग भी की गई। मांडल टाउन से विधायक अशोक गोयल ने अपने विधानसभा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की उपलब्धता का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि खुलेआम नशे का कारोबार बढ़ रहा है और पुलिस भी इस पर लगाम नहीं लगा पा रही। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/29/अप्रैल /2026