नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय अवैध हथियार सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए संभावित आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 18 अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश और भारत के कई राज्यों में फैला हुआ था। पुलिस के मुताबिक, अवैध हथियारों की खेप पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत लाई जा रही थी, वहीं बिहार के मुंगेर से भी हथियारों की सप्लाई की जा रही थी। इन हथियारों को दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचाने की तैयारी थी। इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का मास्टरमाइंड शाहबाज अंसारी है, जो उत्तर प्रदेश के खुर्जा का रहने वाला है और फिलहाल बांग्लादेश से पूरे नेटवर्क को आपरेट कर रहा है। अंसारी का नाम चर्चित सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी सामने आ चुका है, जिसमें उसने शूटर्स को अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध कराए थे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/29/अप्रैल /2026