क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना झलकारी बाई का योगदान आज भी हमें देशभक्ति और राष्ट्र प्रेम की प्रेरणा देता है, देश के स्वच्छतम शहर और प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी इन्दौर में वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा लगे और उनके नाम पर शहर का प्रमुख चौराहे का नामकरण हो, यह हमारा सौभाग्य होगा, हमने दशहरा मैदान दरगाह चौराहे का नामकरण उनके नाम पर किया है, हमने परिषद में नामकरण का प्रस्ताव भेज दिया है, शीघ्र ही साइन बोर्ड लगाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उक्त आश्वासन इन्दौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने महापौर सचिवालय पर कोली/कोरी समाज एवं अखिल भारतीय वीरांगना झलकारी महासंघ के प्रतिनिधि मंडल को दिया। गौरतलब है कि वर्षों से समाज द्वारा वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा इन्दौर में लगाने तथा चौराहे का नामकरण उनके नाम पर किए जाने की मांग झलकारी महासंघ एवं कोली/कोरी समाज महापंचायत द्वारा की जा रही है, इसी मांग के आधार पर 17 अगस्त 2025 को अन्नपूर्णा रोड़ दशहरा मैदान पर संजीवनी क्लिनिक के लोकार्पण समारोह में स्वतंत्रता संग्राम की अमर शहीद नायिका वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर दशहरा मैदान चौराहे का नामकरण की घोषणा महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा की गई, लेकिन उसके बाद 8 माह के अंतराल में भी महापौर की घोषणा पर कोई अमल नहीं हो पाने के कारण कल पुनः झलकारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली, कोरी/कोली समाज महापंचायत के संयोजक कैलाशचंद चौधरी एवं अखिल भारतीय बुंदेलखंड कोरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्मल मलोरिया के नेतृत्व में कोली/कोरी समाज के एक प्रतिनिधि मंडल ने महापौर से मुलाकात कर उनके द्वारा घोषित वीरांगना झलकारी बाई चौराहा का साइन बोर्ड लगाने एवं झलकारी बाई की प्रतिमा लगाने की मांग की। महापौर ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि झलकारी बाई का योगदान स्वतंत्रता आंदोलन में रहा है, वे हमारी आदर्श हैं, उनके नाम पर दशहरा मैदान दरगाह चौराहे का नामकरण किया गया है, इसका प्रस्ताव हमने बनाकर भेजा है, इस पर शीघ्र ही अमल होगा, जहां तक प्रतिमा की मांग है, इसको भी महापौर परिषद की बैठक में रखकर निर्णय लिया जाएगा। इस अवसर पर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली, महापंचायत के संयोजक कैलाशचंद चौधरी, बुंदेलखंड कोरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्मल मलोरिया, महासंघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रहलाद टाटवाल, कोली समाज के जिला महामंत्रीद्वय महेश वर्मा एवं रमेश चिरगैया आदि मौजूद थे। आनंद पुरोहित/ 29 अप्रैल 2026