नई दिल्ली (ईएमएस)। मालवीय नगर में सोमवार देर रात फोन इस्तेमाल करने को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 30 वर्षीय शत्रुघ्न के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के नालंदा के रहने वाले थे। वह मालवीय नगर के बेगमपुर इलाके में मजदूरी करते थे। पुलिस ने वारदात के कुछ घंटे बाद ही आरोपी राकेश को गिरफ्तार कर लिया। राकेश शत्रुघ्न के साथ ही काम करता था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:10 बजे आरोपी राकेश ने बिना पूछे शत्रुघ्न का मोबाइल फोन इस्तेमाल कर लिया। शत्रुघ्न ने विरोध किया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। साथियों ने बीच-बचाव करा दिया। रात करीब 12:30 बजे राकेश वहां लौटा और सो रहे शत्रुघ्न पर डंडे से हमला कर दिया। आरोपी ने उनके गले के ऊपर कई वार किए। शत्रुघ्न की चीख सुनकर मजदूर जाग गए, तब तक आरोपी फरार हो चुका था। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/29/अप्रैल /2026