जबलपुर (ईएमएस)। जिले के बरेला थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जमतरा में विगत दिनों नर्मदा नदी से अवैध रेत खनन की सूचना पर एसडीएम अभिषेक सिंह के नेतृत्व पहुंची माइनिंग व एसडीआरएफ की टीम को देखकर अवैध रेत उत्खनन में लिप्तो के बीच भगदड़ मचने पर, पकड़े जाने के डर से बचने के लिये आकाश बर्मन उर्फ मानक वर्मा (25) की नर्मदा नदी में छलांग लगाने के कारण मृत्यु होने की घटना सामने आई है। मृतक के भाई का आरोप है कि उससे घाट किनारे मारपीट की गई थी। मप्र मानव अधिकार आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी फरजाना मिर्जा ने बताया कि समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार के आधार पर मामले को जनहित में संज्ञान में लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग की मुख्य पीठ भोपाल में प्रकरण पर सुनवाई करते हुए, अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह की एकल पीठ ने मानव अधिकारों के उल्लंघन का मामला मानकर, जबलपुर के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कराकर, की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में तलब किया है। सुनील साहू / मोनिका / 29 अप्रैल 2026/ 03.51