- दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी के पत्नी को 25 लाख रुपये का चेक प्रदान किया मधुबनी, (ईएमएस)। बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी स्व. ई. कृष्ण भूषण कुमार के असामयिक निधन पर जिला प्रशासन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुःखद अवसर पर जिलाधिकारी, आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक, योगेंद्र कुमार मधुबनी जिला मुख्यालय स्थित गदियानी लोहरसारी मोहल्ला में दिवंगत अधिकारी के आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए अंतिम विदाई दी। डीएम एवं पुलिस अधीक्षक ने दिवंगत के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनकी पत्नी शालू कुमारी एवं अन्य शोक-संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढाढ़स बंधाया। जिलाधिकारी ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार एक कर्तव्यनिष्ठ, साहसी एवं अत्यंत समर्पित अधिकारी थे। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ किया, जिसका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। डीएम ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर दिवंगत अधिकारी की पत्नी शालू कुमारी को तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। साथ ही, दिवंगत अधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। डीएम ने मृतक कार्यपालक पदाधिकारी को आश्वस्त किया कि इस कठिन घड़ी में जिला प्रशासन शोकाकुल परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। डीएम ने कहा कि इस घटना में शामिल मुख्य अपराधी का पुलिस इनकाउंटर में मौत हो चुकी है। घटना में शामिल एक भी अपराधी नहीं बचेगा कानून अपना काम करेगी। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने भी दिवंगत अधिकारी के कर्तव्यपरायण जीवन को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों को इस असहनीय दुःख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया। इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास विभाग पटना के विशेष सचिव मनन राम एवं उप सचिव रंजन कुमार ने भी शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मेयर अरुण राय, उप मेयर अमानुल्लाह खान, नगर आयुक्त, उमेश भारती, एसडीओ, चंदन कुमार झा, एसडीपीओ सदर अमित कुमार, डीपीआरओ परिमल कुमार बेनीपट्टी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी गौतम आनंद, नगर पंचायत जयनगर के कार्यपालक पदाधिकारी सुनील कुमार सहित घोघरडीहा एवं झंझारपुर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहिय कई जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित किया। (फोटो: दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते डीएम, एसपी व अन्य पदाधिकारी, दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी का शव ही रोते बिलखते परिजन) कार्तिक कुमार/संतोष झा- २९ अप्रैल/२०२६/ईएमएस