मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के मानखुर्द इलाके में महानगरपालिका के सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक भीषण हादसा हो गया। खबर है कि ड्रिलिंग क्रेन गिरने से एक पुलिस हवलदार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का नाम संतोष गोपाल चव्हाण है, जो नेहरू नगर पुलिस थाने में तैनात थे। संतोष चव्हाण ने पुलिस विभाग में 23 वर्षों तक सेवा दी थी। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। मानखुर्द पुलिस ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, मानखुर्द पुलिस थाना क्षेत्र में सायन-पनवेल मार्ग के उत्तर दिशा वाले हिस्से में मुंबई महानगरपालिका की सड़क का काम चल रहा था। इस कार्य के लिए एक्सावेटर ड्रिलिंग क्रेन का उपयोग किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने क्रेन को कमजोर और ढीली जमीन पर खड़ा किया था। काम के दौरान संतुलन बिगड़ने से भारी क्रेन अचानक सड़क से गुजर रहे संतोष चव्हाण की मोटरसाइकिल (एमएच 43 डब्ल्यू 3238) पर गिर गई। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा ठेकेदार की लापरवाही के कारण हुआ। क्रेन लगाते समय जमीन की स्थिति का सही आकलन नहीं किया गया और सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया। फिलहाल क्रेन चालक और कार्य की निगरानी के जिम्मेदार लोगों से पूछताछ की जा रही है। - २९ अप्रैल/२०२६/ईएमएस