राष्ट्रीय
29-Apr-2026


-बीजेपी उम्मीदवार की गाड़ी में तोड़फोड़ तो चुनावी बैनरों को हटाने पर बवाल कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बीच नादिया, हावड़ा और दक्षिण 24 परगना समेत कई जगह हिंसक झड़पें होने की खबर है। पानीहाटी में बीजेपी-टीएमसी समर्थकों के बीच हाथापाई हुई। जानकारी के मुताबिक बसंती में बीजेपी उम्मीदवार की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई, जिससे वहां तनाव की स्थिति बनी। यह घटना बूथ नंबर 76 पर हुई। सूत्रों के मुताबिक जब उम्मीदवार पोलिंग बूथ का मुआयना करने गए, तो कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना के दौरान उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। उनके सुरक्षाकर्मियों से हथियार छीनने की कोशिश की गई। आरोप है कि केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने या बचाव कार्य में मदद करने के लिए कोई दखल नहीं दिया। इस घटना के कारण इलाके में तनाव और बढ़ गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हुगली-चुचुड़ा में सड़क किनारे लगे तृणमूल के कई चुनावी बैनरों को हटाने पर बवाल हुआ। वहीं, बूथ नंबर 27, 28 और 29 पर वोटर लिस्ट फाड़ने को लेकर विवाद हो गया। कथित तौर पर केंद्रीय बलों के कुछ जवानों को टीएमसी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने वहां से भगाने की कोशिश की। इसके अलावा पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र के बूथ 145 पर बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झगड़ा हो गया। यह झगड़ा काफी देर चला, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला और स्थिति पर नियंत्रण पाने की कोशिश की। वहीं, हावड़ा के बाली विधानसभा क्षेत्र में स्थित मशीन में खराबी के कारण मतदाता आक्रोशित हो गए। बूथ नंबर 152, 153 और 154 पर भारी हंगामा हुआ। हालांकि, केंद्रीय बलों ने लाठीचार्ज करके स्थिति को संभाला। इस घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। हावड़ा पुलिस कमिश्नर भी मौके पर पहुंचे। उत्तर 24 परगना जिले के सासन इलाके में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के एक समूह को एआईएसएफ समर्थकों और गांव वालों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इलाके में वोटरों को डराने-धमकाने की कोशिश की थी। नादिया जिले के करीमपुर विधानसभा क्षेत्र में उस समय तनाव पैदा हो गया, जब पश्चिम बंगाल पुलिस के एक अधिकारी को मतदाताओं से तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने का आग्रह करते हुए देखा गया। इसके अलावा, छपरा विधानसभा सीट के हत्रा पंचायत के बूथ नंबर 52 के बीजेपी पोलिंग एजेंट मोशर्रफ मीर पर बेरहमी से हमला किया, जिससे उनके सिर में चोट आई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिराज/ईएमएस 29अप्रैल26