पटना, (ईएमएस)। पटना जिले के धनरुआ थाना क्षेत्र के अशरापुर गांव में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में एक चार साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, छठी पंचायत में सचिदानंद उर्फ सच्चू प्रसाद की बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान एक युवक ने घर की छत से जश्न मनाने के लिए गोली चलाई। गोली सीधे बच्ची के पेट में जा लगी। मृत बच्ची की पहचान सौम्या कुमारी के रूप में हुई है, जो डोमन बीघा गांव निवासी पिंटू प्रसाद की बेटी थी। वह अपनी मां के साथ शादी में शामिल होने आई थी। घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मसौढ़ी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कन्हैया सिंह ने कहा कि मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब टीम बुलाई गई। उन्होंने कहा कि यह साफ तौर पर हर्ष फायरिंग का मामला है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं। गोली चलाने वाला आरोपी घटना के बाद हथियार लेकर भाग गया। परिवार के चार अन्य सदस्य भी फरार बताए जा रहे हैं। आपको बता दें कि बीते 27 अप्रैल को फतुहा थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में 16 वर्षीय रवि कुमार की मौत हो गई थी। उस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया था। संतोष झा- २९ अप्रैल/२०२६/ईएमएस