कांकेर(ईएमएस)। जिले के अंतागढ़ क्षेत्र के मद्रासीपारा में एक महिला को बचाने पहुंचे पड़ोसी के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मद्रासीपारा निवासी 45 वर्षीय पनकु राम सलाम ने शिकायत में बताया कि उसके पड़ोस में सुधराम सलाम रहता है और उसके पास ही उसकी विकलांग बहन ईतवारीन बाई का घर है। बीती रात किसी बात को लेकर सुधराम अपनी बहन के साथ मारपीट कर रहा था और उसने प्लास्टिक की कुर्सी से उसके सिर पर हमला कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर सुधराम ने उस पर हमला कर दिया, जमीन पर पटककर गिराया और गला दबाने की कोशिश की। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर पनकु राम को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। मारपीट में उसके गले सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)29 अप्रैल 2026