क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


- उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण विभाग की समीक्षा करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा - फ्लोरीकल्चर सेंटर बनाएंगे, प्रदेश के 14 जिलों में मखाना उत्पादन बढ़ाने पर जोर भोपाल (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए उज्जैन में सेंटर फॉर एक्सीलेंस फ्लोरीकल्चर खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी फसलें कम जमीन में अधिक आय का प्रभावी माध्यम हैं, इसलिए ज्यादा से ज्यादा किसानों को इससे जोड़ा जाए। मंत्रालय में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को सीजनल और उद्यानिकी फसलों के साथ जैविक खेती के लिए प्रेरित किया जाए। प्राकृतिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। बैठक में बताया गया कि प्रदेश की 40 विभागीय नर्सरियों को हाईटेक बनाया जा रहा है। वहीं प्रेसराइज्ड इरीगेशन वाले जिलों में 15 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सूक्ष्म सिंचाई का विस्तार किया जा रहा है। बैठक में उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा और मुख्य सचिव अनुराग जैन भी मौजूद रहे। 14 जिलों में मखाना को बढ़ावा अधिकारियों ने जानकारी दी कि मसाला फसलों के उत्पादन में मध्यप्रदेश देश में पहले स्थान पर है। पुष्प और सब्जी उत्पादन में तीसरे तथा फल उत्पादन में चौथे स्थान पर प्रदेश है। बैठक में यह भी बताया गया कि मखाना क्षेत्र विस्तार योजना के तहत प्रदेश के 14 जिलों में मखाना उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस योजना में केंद्र सरकार की ओर से परियोजना लागत पर 40 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। विनोद / 29 अप्रैल 26