ग्वालियर ( ईएमएस ) | अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा युवाओं के लिए “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” शुरू की गई है। योजना का उद्देश्य सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिए युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 11 मई 2026 है। प्रशिक्षण 12 मई से प्रारंभ होगा। सहायक पिछड़ावर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण श्रीमती कृति दीक्षित ने बताया कि योजना के तहत ग्वालियर जिले के 100 बालक और 100 बालिकाओं को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि 45 दिन निर्धारित है। जिले के पुरुष तथा महिला अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आई.पी.एस. ग्रुप ऑफ कॉलेज, वेला की बावड़ी, ग्वालियर में आयोजित होगा। आवेदन पत्र के प्रारूप विभागीय वेबसाइट www.bcwelfare.mp.gov.in से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, शारदा विहार, ग्वालियर से कार्यालयीन समय में भी उपलब्ध हैं। प्रशिक्षण में शारीरिक तैयारी के साथ सैद्धांतिक विषयों की भी तैयारी कराई जाएगी। इसमें सामान्य ज्ञान, तर्कशक्ति, गणित, कम्प्यूटर और अंग्रेजी का प्रशिक्षण शामिल रहेगा। साथ ही रनिंग, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, भाला फेंक सहित अन्य गतिविधियों का अभ्यास कराया जाएगा। हर माह शिष्यवृति भी मिलेगी प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। चयनित अभ्यर्थियों को आवास, भोजन और अध्ययन सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण अवधि में पुरुष प्रशिक्षणार्थियों को 1000 रुपये प्रतिमाह तथा महिला प्रशिक्षणार्थियों को 1100 रुपये प्रतिमाह शिष्यवृत्ति भी दी जाएगी। शैक्षणिक व अन्य योग्यता योजना में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आवेदक मध्यप्रदेश का मूल निवासी तथा अन्य पिछड़ा वर्ग का नॉन-क्रीमीलेयर प्रमाण-पत्र धारक होना चाहिए। भर्ती के लिए निर्धारित आयु सीमा और शारीरिक मापदंड लागू रहेंगे। पुरुषों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर और महिलाओं के लिए 165 सेंटीमीटर निर्धारित है। सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने पात्र युवाओं से योजना का लाभ लेने के लिए समय-सीमा में आवेदन करने की अपील की है।