मधुबनी, (ईएमएस)। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद के दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने की मुख्यमंत्री के ट्वीट के बाद मधुबनी जिला प्रशासन हरकत में आया। दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने के लिए डीएम आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देश पर पुलिस केंद्र से 15 पुलिस के हथियारबंद जवान मृतक कार्यपालक पदाधिकारी के आवास पर पहुंचे। उनके आवास पर डीएम आनंद शर्मा, एसपी योगेंद्र कुमार, नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती, सदर एसडीओ चंदन कुमार झा, सदर एसडीपीओ अमित कुमार सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद थे। पुलिस के जवानों ने अंतिम विदाई में बंदूक को उल्टा कर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया। यह एक काफी मार्मिक क्षण था। हर तरफ उदासी छाई हुई थी क्योंकि मोहल्ले का एक होनहार युवक जो कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर तैनात थे उनकी हत्या हो चुकी थी। * 56 वें बैच के पदाधिकारी थे कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार नगर एवं आवास विभाग के 56 वें बैच के पदाधिकारी थे। उनका चयन वर्ष 2018 में हुआ था 2019 में उन्होंने नौकरी ज्वाइन की थी उनकी पहली पोस्टिंग मुजफ्फरपुर के कांटी में हुआ था। इसके बाद अरेराज, कहलगांव में कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित हुए। वर्तमान में वे भागलपुर जिला के सुल्तानगंज नगर परिषद में प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर तैनात थे। * चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार चार भाईयों में दूसरे नंबर पर थे। इनके माता पिता का निधन हो चुका है। बड़े भाई पीएमओ में सीनियर ट्रांसलेट अफसर हैं जबकि तीसरे नंबर के भाई सूर्यभूषण कुमार सीतामढ़ी के सुरसंड में राजकीय पॉलिटेक्निक में प्रोफेसर हैं एवं चौथे नंबर के भाई चंद्र भूषण कुमार फिलहाल पीएचडी किये हैं। उनकी पत्नी शालू कुमारी भी पीएचडी किये हुए है। उन्हें दो बच्चा है एक तीन साल का कृष नाम का लड़का एवं एक साल की बच्ची है। कृष अपने पिता का कॉफिन में रखे शव को देखकर बिलख रहा था। कार्तिक कुमार/संतोष झा- २९ अप्रैल/२०२६/ईएमएस