* सूरत में 1–2 मई को वीजीआरसी का आयोजन, जापान, सिंगापुर, रवान्डा और यूक्रेन होंगे साझेदार देश * एमएसएमई, ग्रीन एनर्जी, स्टार्टअप्स और स्मार्ट जीआईडीसी पर विशेष फोकस, हजारों करोड़ के निवेश अवसरों की उम्मीद गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात दिवस के अवसर पर दक्षिण गुजरात में उद्योग, निवेश और नए अवसरों का एक बड़ा संगम बनने जा रहा है। वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस (वीजीआरसी) का तीसरा संस्करण 1 और 2 मई को सूरत स्थित ऑरो यूनिवर्सिटी में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में सूरत सहित भरूच, डांग, नवसारी, तापी और वलसाड जिलों की औद्योगिक क्षमता और संभावनाओं पर विशेष प्रकाश डाला जाएगा। इसी के साथ 1 मई की शाम सूरत में गुजरात स्थापना दिवस का भव्य समारोह भी आयोजित होगा। वाय-जंक्शन से शुरू होने वाली परेड डुमस सी-फ्रंट तक जाएगी, जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम इस आयोजन को और भव्य बनाएगा। वीजीआरसी की शुरुआत वाइब्रेंट गुजरात रीजनल एग्ज़िबिशन (वीजीआरई) के उद्घाटन से होगी, जिसके बाद उद्घाटन सत्र आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मुख्य संबोधन देंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी उद्घाटन भाषण और प्रस्तुति देंगे। भागीदार देशों के राजदूत और प्रमुख उद्योगपति भी मंच साझा करेंगे। इस वर्ष वीजीआरसी में जापान, रवान्डा, यूक्रेन और सिंगापुर भागीदार देशों के रूप में शामिल हो रहे हैं। साथ ही JETRO, USISPF, AMCHAM, KOTRA और रूस ट्रेड प्रतिनिधित्व जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी भागीदार संगठनों के रूप में जुड़ेंगी, जिससे गुजरात के वैश्विक व्यापार और निवेश अवसरों को और मजबूती मिलेगी। * मुख्य आकर्षण: - मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल “सूरत कट डायमंड - जीआई टैग” पर विशेष कवर जारी करेंगे - रवान्डा, यूक्रेन, सिंगापुर और जापान के राजदूतों की उपस्थिति - दक्षिण गुजरात में नई और स्मार्ट जीआईडीसी एस्टेट की घोषणा - विभिन्न एमओयू और रणनीतिक साझेदारियों का आदान-प्रदान दो दिवसीय सम्मेलन में कृषि, बागवानी, वस्त्र उद्योग, रसायन, पेट्रोकेमिकल्स, स्टार्टअप, परमाणु ऊर्जा, उर्वरक और प्राकृतिक गैस जैसे क्षेत्रों पर सेमिनार होंगे। साथ ही महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर अंतरराष्ट्रीय सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। दूसरे दिन एमएसएमई कॉन्क्लेव में जेम्स एंड ज्वेलरी, सर्कुलर इकोनॉमी, कौशल विकास, एयरोस्पेस, रक्षा, मत्स्य पालन, ग्रीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन और इको-टूरिज्म जैसे विषयों पर चर्चा होगी। 1 से 5 मई तक वीजीआरई प्रदर्शनी भी आयोजित होगी, जिसमें वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम, इंटरनेशनल रिवर्स बायर-सेलर मीट और उद्योग मेला शामिल होगा। राज्य सरकार का उद्देश्य दक्षिण गुजरात में संतुलित और सतत औद्योगिक विकास को गति देना है। यह सम्मेलन ‘विकसित भारत @2047’ के विज़न के अनुरूप राज्य की आर्थिक प्रगति, नवाचार और वैश्विक जुड़ाव को नई दिशा देगा। सतीश/29 अप्रैल