राज्य
29-Apr-2026
...


मधुबनी, (ईएमएस)। बिहार के भागलपुर जिला के सुल्तानगंज में मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या के बाद उनके पार्थिव शरीर को बुधवार की सुबह 9.30 बजे मधुबनी जिला मुख्यालय के गदियानी लोहारसारी स्थित उनकी आवास पर लाया गया। परिवारजनों का रो रो कर बुरा हाल था। मोहल्ला में चारों तरफ गमगीन माहौल था। दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी के शव को रिसीव करने के लिए नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती, सदर एसडीओ चंदन कुमार झा, सदर एसडीपीओ अमित कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे। सुल्तानगंज से लगभग 12 गाड़ियों का काफिला गदियानी स्थित कार्यपालक पदाधिकारी के पैतृक आवास पर पहुंचा। शव के पहुंचते ही परिजनों के चितकार से माहौल गमगीन हो गया। उनकी आवाज पर मृतक के छोटे भाई प्रो. सूर्य भूषण कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार एक ईमानदार और कर्तव्य परायण पदाधिकारी थे। सुल्तानगंज में ड्यूटी के दौरान हुए उनकी हत्या में उन्हें शहीद का दर्जा सरकार प्रदान करें। भाई की प्रतिमा सुल्तानगंज के नगर परिषद कार्यालय में एवं गदियानी में स्थापित किया जाए एवं इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कर सरकार दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाए। (फोटो: मृतक कार्यपालक पदाधिकारी के भाई प्रो. सूर्य भूषण कुमार) - २९ अप्रैल/२०२६/ईएमएस