राज्य
29-Apr-2026
...


- बेटियों ने फिर मारी बाजी रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस बार दोनों ही कक्षाओं के नतीजों में सुधार दर्ज किया गया है और एक बार फिर बालिकाओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बालकों को पीछे छोड़ दिया है। हाईस्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा 2026 में कुल 3,21,677 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे, जिनमें से 3,16,730 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। घोषित परिणामों के अनुसार 3,14,953 परीक्षार्थियों का रिजल्ट जारी किया गया, जिनमें से 2,43,016 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार कुल पास प्रतिशत 77.15 रहा। बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.03% रहा, जबकि बालकों का 72.27% दर्ज किया गया। प्रथम श्रेणी में 1,40,108 (44.48%), द्वितीय श्रेणी में 96,721 (30.71%) और तृतीय श्रेणी में 6,187 (1.96%) परीक्षार्थी सफल हुए। वहीं 19,347 परीक्षार्थी एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण रहे। 161 परीक्षार्थियों के परिणाम रोके गए हैं, जबकि 1,616 के आवेदन निरस्त किए गए हैं। पिछले वर्ष 2025 में 10वीं का पास प्रतिशत 76.53% था, जिसमें इस बार 0.62% की बढ़ोतरी हुई है। हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 में कुल 2,46,166 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे। इनमें से 2,44,453 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जारी परिणामों के अनुसार 2,43,898 परीक्षार्थियों का रिजल्ट घोषित किया गया, जिनमें 2,02,549 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। कुल पास प्रतिशत 83.04 रहा। बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.04% रहा, जबकि बालकों का 78.86% दर्ज किया गया। प्रथम श्रेणी में 1,27,334 (52.2%), द्वितीय श्रेणी में 72,402 (29.68%) और तृतीय श्रेणी में 2,806 (1.15%) परीक्षार्थी सफल हुए। 23,866 परीक्षार्थी एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण रहे। 63 परीक्षार्थियों के परिणाम रोके गए हैं और 492 के आवेदन निरस्त किए गए हैं। वर्ष 2025 में 12वीं का पास प्रतिशत 81.87% था, जिसमें इस बार 1.17% की वृद्धि दर्ज की गई है। - (ईएमएस) 29 अप्रैल 2026