राष्ट्रीय
29-Apr-2026


उन्नाव (ईएमएस)। यूपी के उन्नाव जिले में एक बेकाबू डंपर ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयावह हादसे में अब तक छह लोगों की जान जा चुकी है, जबकि पांच अन्य लोग अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, पठई गांव निवासी मालती अपने तीन वर्षीय पुत्र सूरज उर्फ शुभ का मुंडन कराने के लिए सगे-संबंधियों के साथ बक्सर स्थित चंडिका देवी मंदिर गई थीं। मंदिर में ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों के बीच मुंडन की रस्में पूरी हुईं। परिवार हंसी-खुशी बोलेरो से घर लौट रहा था, जहां मुंडन की दावत और उत्सव की तैयारियां चल रही थीं। जैसे ही गाड़ी बिहार-बक्सर मार्ग पर कीरतपुर गांव के पास पहुंची, तेज रफ्तार डंपर ने उनकी खुशियों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंगल गीत पल भर में चीख-पुकार में बदल गए। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वह डंपर के नीचे दब गई। चीखें सुनकर मौके पर दौड़े ग्रामीणों की भी रूह कांप गई। जिस नन्हे शुभ के मुंडन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वह अपनी घायल मां मालती की गोद में लहूलुहान हालत में मिला। पठई गांव में जहां बुधवार को मुंडन की दावत होनी थी, वहां अब एक साथ छह अर्थियां उठने की तैयारी हो रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डंपर की टक्कर के बाद बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वह डंपर के नीचे ही खंती में दब गई। जब ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया, तो नजारा देख उनकी रूह कांप गई। गंभीर रूप से घायल मां मालती अपने जिगर के टुकड़े शुभ को सीने से लगाए मलबे में फंसी थीं। मां की गोद में शुभ बिल्कुल सहमा हुआ था, जैसे वह समझ ही नहीं पा रहा हो कि अभी कुछ देर पहले मंदिर में जो खुशियां थीं, वो अचानक लहूलुहान चीखों में कैसे बदल गईं। हादसे में मालती को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भागने में सफल रहा। डंपर को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मां मालती समेत सभी सात घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश में टीमें लगा दी हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसघटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का एलान किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में कोई कसर न छोड़ी जाए। जितेन्द्र 29 अप्रैल 2026